झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पेंक नारायणपुर में एक मुस्लिम युवक की नृशंस हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे एक साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई और इसके पीछे भाजपा समर्थित मानसिकता का हाथ है, जो समाज में सांप्रदायिक तनाव और सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है. घटना के बाद डॉ. अंसारी मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे.
वहीं, डॉ. अंसारी ने बताया कि जब उन्होंने पीड़ित के परिवार के साथ संवेदना जताई, तो विपक्षी दल के नेता बाबूलाल मरांडी बौखला गए. डॉ. अंसारी ने उनसे सवाल किया कि, “क्या गलत किया मैंने, यदि मैंने एक माँ के आँसू पोंछने की कोशिश की?” डॉ. अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर इस घटना को जातीय और राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है.
मंत्री ने कहा कि जब इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो कानून और प्रशासन का तंत्र इसका समाधान करने के लिए मौजूद है, और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि अपराधी का कोई धर्म या जाति नहीं होती और दोषियों को किसी भी हालत में सजा मिलनी चाहिए.
इस बीच, डॉ. अंसारी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी “मॉब लिंचिंग” करने वालों को माला पहनाकर सम्मानित करती है. उन्होंने कहा, “भा.ज.पा. ने मॉब लिंचिंग की संस्कृति को बढ़ावा दिया है, जो देश के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने का काम कर रही है.”
साथ ही, डॉ. अंसारी ने कहा कि यह घटना एक गहरी साजिश का हिस्सा हो सकती है और इसकी जांच पूरी ईमानदारी से की जाएगी. “हम जांच में पूरी तरह से पारदर्शी रहेंगे और दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजेंगे”.













