झारखंड में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. 14 मई को यानी आज राज्य के पूर्वी जिलों में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है. बोकारो और रामगढ़ जैसे जिलों में गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
आज भीषण गर्मी, कल से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, 15 मई यानी कल से राज्य में मौसम करवट लेगा. कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना है, जिससे तपती गर्मी और हीट वेव से राहत मिलने की उम्मीद है. बारिश के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) और गरज के साथ वज्रपात भी हो सकता है.
19 मई तक रहेंगे बारिश के आसार
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 15 से 19 मई के बीच झारखंड में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. इस दौरान राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में कई जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है. हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है. वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है.
लगातार येलो अलर्ट जारी
IMD ने 14, 15, 16 और 17 मई के लिए लगातार येलो अलर्ट जारी किया है. नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे तेज धूप और आंधी-तूफान के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें, और अगर निकलें तो उचित सुरक्षा उपाय अपनाएं.
सुझाव
- बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
- धूप में निकलते समय छाता या टोपी का उपयोग करें
- बिजली गिरने के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों से दूर रहें
झारखंड में मौसम का यह उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य और जन-जीवन दोनों पर असर डाल सकता है, इसलिए सतर्कता जरूरी है.












