Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को 28 दिसंबर 2025 से आयोजित होने वाली हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया।
मोरहाबादी स्टेडियम में होगा आयोजन
हॉकी इंडिया लीग का आयोजन मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी (रांची) में किया जाएगा। महासचिव भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को लीग से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
खेल को बढ़ावा देने पर चर्चा
मुलाकात के दौरान झारखंड में हॉकी और अन्य खेलों के विकास को लेकर भी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में बड़े खेल आयोजनों के महत्व पर जोर दिया और आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।












