Patna: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को पटना पहुंचे, जहां उन्होंने राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। मुख्यमंत्री सोरेन ने पटना स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर जाकर लालू यादव का हालचाल लिया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक-आर्थिक हालात, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ-साथ युवाओं के भविष्य पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुलाकात के बाद कहा कि “लालू प्रसाद यादव संघर्ष और न्याय की राजनीति के प्रतीक हैं। उन्होंने हमेशा गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूती मिलती रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड और बिहार के बीच ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते हैं। दोनों राज्यों की एकजुटता और सहयोग से क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सहित परिवार के सदस्य और राजद के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।












