Ranchi: झारखंड कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राज्य अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि “लोकतंत्र की आत्मा को तार-तार करने वाली भाजपा के नेताओं के मुख से लोकतंत्र की गरिमा की बातें शोभा नहीं देती।”
सोनाल शांति ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर मतदाताओं के अधिकारों पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा, “संविधान को बदलने का सपना देखने वाली भाजपा किस मुंह से लोकतंत्र और संविधान की दुहाई दे रही है? महागठबंधन सरकार ने झारखंड में हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं की गरिमा बनाए रखी है।”
ईडी-सीबीआई पर भी साधा निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों को अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति का हथियार बना लिया है। “विरोधी दलों के नेताओं को टारगेट करना भाजपा की आदत बन गई है। लेकिन झारखंड की जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है, जिसकी गूंज आज भी भाजपा के कानों में है।”
नगर निकाय चुनाव पर भाजपा को घेरा
सोनाल शांति ने नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी “जानबूझकर धृतराष्ट्र बने हुए हैं”।
उन्होंने बताया कि महागठबंधन सरकार ने नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ कर वार्डों का परिसीमन पूरा कर लिया था, लेकिन भाजपा के सहयोगी दल आजसू के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर प्रक्रिया को अवरुद्ध कर दिया।
भाजपा के शासनकाल पर भी सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में नगर निकाय भ्रष्टाचार का गढ़ बन गए थे। “नगर विकास मंत्री से लेकर मेयर और डिप्टी मेयर तक भाजपा से थे, लेकिन पूरे झारखंड में अव्यवस्थाएं चरम पर थीं। अब महागठबंधन सरकार में नगर निकायों को पीपुल्स फ्रेंडली बनाया गया है और कई निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिंग मिली है।”













