Jharkhand: सिंदरी के डोमगढ़ निवासी और हर्ल सिंदरी में ठेकाकर्मी के रूप में कार्यरत मनोज साहनी (38) की गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा हर्ल मेटेरियल गेट से महज 100 मीटर की दूरी पर शाम करीब 7 बजे हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
Read More: झारखंड विधानसभा मानसून सत्र 2025 Live Update
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोहड़ाबाँध की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक (नंबर: JH10BZ-8978) ने पैदल चल रहे मनोज साहनी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मनोज काफी दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उन्हें चासनाला सीएचसी रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाइक और चालक पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सिंदरी पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सहित चालक को हिरासत में ले लिया। सिंदरी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बाइक चालक की पहचान बरवाअड्डा के छोटा पिछड़ी गाँव निवासी लालू महतो (26) के रूप में हुई है। वह सिंदरी से अपने गांव लौट रहा था, इसी दौरान यह दुर्घटना घटित हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Read More: राखी से पहले डबल तोहफा! मंईयां योजना के तहत महिलाओं को जुलाई में दो बार ₹2500
मृतक की पहचान और पारिवारिक स्थिति
मनोज साहनी, डोमगढ़ के केदार साहनी के पुत्र थे और हर्ल सिंदरी में फीटर पद पर ठेके पर कार्यरत थे। उनकी अचानक हुई मृत्यु से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाया गया है।
मनोज साहनी की मौत ने न सिर्फ उनके परिवार को गहरे सदमे में डाला है, बल्कि सिंदरी हर्ल परिसर के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भी झकझोर दिया है। यह हादसा फिर एक बार ट्रैफिक नियमों के पालन और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की जरूरत की ओर इशारा करता है।












