Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू के हवेली बैंक्वेट हॉल में पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य में संगठन मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान की मर्यादा का उल्लंघन किया और आपातकाल इसका उदाहरण है। उन्होंने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने तथा देशविरोधी ताकतों के प्रभाव में काम करने का आरोप भी लगाया। ये आरोप उन्होंने अपने संबोधन के दौरान लगाए।
2029 के चुनाव पर भाजपा की नजर
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड भाजपा का पुराना गढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से यहां फिर पार्टी की सरकार बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को राज्य के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच अपनी पहुंच और विश्वास को मजबूत करना भी होना चाहिए।
युवाओं और छात्रों के मुद्दे उठाने का निर्देश
नितिन नवीन ने झारखंड में छात्रों की समस्याओं, रोजगार और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही। उन्होंने पार्टी नेताओं से विधानसभा क्षेत्र स्तर पर जनसमस्याओं की पहचान कर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया।
उन्होंने कांग्रेस पर छात्र हितों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि भाजपा राज्य में कथित अव्यवस्था के खिलाफ सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड की स्थापना, आदिवासी गौरव और भगवान बिरसा मुंडा की विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के साथ जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाना राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने आदिवासी समाज के सम्मान और केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र किया।
आदित्य साहू ने भी हेमंत सरकार को घेरा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने संबोधन में राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, खनिज संपदा की लूट, रोजगार और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसरों से वंचित किया जा रहा है और छात्रों के आंदोलनों पर उचित ध्यान नहीं दिया गया।
साहू ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता से संपर्क बढ़ाने और राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य में सत्ता में वापसी के लिए दोगुनी ताकत से काम करना होगा।
31 सांगठनिक जिलों के पदाधिकारियों से भी मिले
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले नितिन नवीन ने राज्य के सभी 31 सांगठनिक जिलों के अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत झारखंडी परंपरा के अनुसार लोटा-पानी, ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, पाइका और छऊ नृत्य के जरिए किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण तथा वंदे मातरम् के साथ हुई।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








