रांची जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार एक बार फिर आम लोगों के लिए राहत और न्याय का प्रभावी मंच बनकर उभरा। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
दिव्यांग को मिली नई राह
ईटकी निवासी दिव्यांग रामेश्वर महतो जनता दरबार में इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल की मांग लेकर पहुंचे थे। उपायुक्त के निर्देश पर उन्हें तुरंत ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
भावुक होकर उन्होंने कहा कि उनकी उम्मीद पूरी हुई और अब वे बैसाखी के बजाय ट्राईसाइकिल से घर लौट सके।
फर्जी जमीन मामले में सख्ती
अनगड़ा अंचल से जुड़े एक मामले में फर्जी दस्तावेज के जरिए जमीन हड़पने की शिकायत सामने आई।
उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित सीओ को शोकॉज नोटिस जारी करने और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। जांच सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी द्वारा की जाएगी।
राजस्व मामलों पर फोकस
जनता दरबार में पंजी-2 सुधार, दाखिल-खारिज में देरी, भूमि सीमांकन, अतिक्रमण और रसीद निर्गत नहीं होने जैसी कई शिकायतें आईं।
उपायुक्त ने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योजनाओं पर भी एक्शन
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी शिकायतों पर भी अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके।
अब बुधवार को लगेगा जनता दरबार
मंगलवार को अवकाश होने के कारण अब सभी अंचलों में जनता दरबार बुधवार को आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी किया है: 9430328080 (अबुआ साथी)












