रांची: झारखंड में सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा का आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स एकाउंट हैक करने के बाद अब साइबर अपराधी झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट को भी साइबर अपराधियों के द्वारा हैक कर लिया गया है। फिलहाल इस मामले में साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत मंत्री के आप्त सचिव मनोरंजन कुमार के द्वारा दर्ज किया गया है।
साइबर थाना में शिकायत दर्ज
शिकायत में बताया गया है कि मंत्री के नाम से संचालित फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक्सेस कर अनुचित तरीके से चलाया जा रहा है, जिससे उनकी गोपनीयता और सार्वजनिक छवि को क्षति पहुंच सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि इन अकाउंट्स का दुरुपयोग कर भ्रामक या आपत्तिजनक जानकारी प्रसारित की जा सकती है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आग्रह किया है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स को त्वरित प्रभाव से निलंबित किया जाए और तकनीकी जांच के माध्यम से हैकर की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जांच में जुटी पुलिस
साइबर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, तकनीकी टीम सोशल मीडिया कंपनियों से संपर्क कर डाटा ऐक्सेस व लॉग की जानकारी जुटाने में लगी हुई है, ताकि दोषी तक जल्द पहुंचा जा सके।












