Jharkhand News: राजधानी रांची में आदिवासी संगठन लगातार सिरमटोली रैंप को लेकर प्रदर्शन कर रहा है. इसी क्रम में आज झारखंड बंद बुलाया गया है. इस बंद का आह्वान आदिवासी बचाओ मोर्चा और केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली बचाओ मोर्चा की ओर से किया गया है. बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा. बता दें, यह विरोध सिरमटोली सरना स्थल के सामने बने रैंप को हटाने की मांग को लेकर किया जा रहा है.
बंद की पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम को रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम से एक मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हुए. मशाल लेकर नारे लगाते हुए यह जुलूस अलबर्ट एक्का चौक तक पहुंचा. जुलूस में शामिल लोगों ने जोर देकर कहा कि जब तक सरना स्थल के सामने से रैंप को हटाया नहीं जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा.
read more- Share Market Updates: बाजार की शुरुआत रही शानदार, Sensex और निफ्टी में बढ़त
बंद के दौरान क्या खुला रहेगा
इस झारखंड बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है. दवा दुकानें, अस्पताल जाने वाले मरीजों के वाहन, एम्बुलेंस और शव यात्रा पर कोई रोक नहीं होगी.
राजनीतिक समर्थन भी मिला
बंद को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) का समर्थन भी मिला है. पार्टी के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि उनकी पार्टी बंद का नैतिक समर्थन करती है और राज्य सरकार से आदिवासी संगठनों की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील करती है.
सिर्फ सिरमटोली नहीं, कई मुद्दे हैं शामिल
आदिवासी संगठनों का यह आंदोलन केवल सिरमटोली रैंप तक सीमित नहीं है. वे मारंग बुरू, पारसनाथ पहाड़ (गिरिडीह), लुगुबुरू, मुड़हर पहाड़, दिवरी दिरी जैसे आदिवासी धार्मिक स्थलों के अस्तित्व को बचाने की भी मांग कर रहे हैं. इसके अलावा पेसा कानून, आदिवासी भूमि संरक्षण, धार्मिक न्यास बोर्ड, नियोजन नीति, लैंडबैंक, ट्राइबल यूनिवर्सिटी, भाषा-संस्कृति संरक्षण, और शराबबंदी जैसे कई मुद्दों को लेकर भी संगठनों ने सरकार को घेरा है.












