Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य सिस्टम को लेकर कई बड़े फैसले लिए और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
मुख्य बातें और बड़े फैसले
छोटे मर्ज पर रिम्स रेफर बंद – मंत्री ने साफ कहा कि मामूली बीमारी के लिए रिम्स रेफर करने की आदत तुरंत बंद की जाए। मरीजों को बेहतर इलाज देना हर डॉक्टर की पहली जिम्मेदारी है।
एम्बुलेंस की लापरवाही पर चेतावनी – “अगर एम्बुलेंस की देरी या लापरवाही से मरीज की मौत होती है तो सीधे सिविल सर्जन जिम्मेदार होंगे।”
15 अगस्त से फ्री वाई-फाई और हाईस्पीड इंटरनेट – सभी सदर अस्पतालों को 15 अगस्त से हाई स्पीड लीज लाइन इंटरनेट और निःशुल्क वाई-फाई से जोड़ा जाएगा। अनुमंडलीय अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी को भी क्रमवार 15 सितंबर, 15 अक्टूबर और 15 नवंबर तक कनेक्ट किया जाएगा।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी शुरू – रांची, पटना, कोलकाता और दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों को सदर अस्पतालों में ओपीडी के लिए बुलाया जाएगा। शनिवार और रविवार को भी ये सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
प्राइवेट डॉक्टरों की नियुक्ति – आयुष्मान भारत योजना के तहत प्राइवेट डॉक्टरों की नियुक्ति होगी और उन्हें समय पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
आधुनिक मॉडल पूरे राज्य में लागू – मंत्री ने सभी सिविल सर्जनों को रांची सदर अस्पताल का भ्रमण कराया और निर्देश दिया कि ‘रांची मॉडल’ को पूरे झारखंड में लागू किया जाए।
अन्य अहम निर्देश
- प्रत्येक जिला अस्पताल को सालाना ₹6 करोड़ की आय अर्जित करनी होगी।
- सभी अस्पताल दो साल में IPHS मानकों के अनुरूप अपग्रेड होंगे।
- मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के प्रचार के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जाएंगे।
- पुराने एम्बुलेंस (1.5 लाख किमी या 8 साल से अधिक पुराने) की सूची तत्काल तैयार करें।
- प्रत्येक सब सेंटर को EKYC के लिए दो टैबलेट (सिम सहित) दिए जाएंगे।
डॉ. अंसारी का सख्त संदेश
“छोटे मर्ज पर बड़े अस्पताल रेफर करना अब बंद हो। डॉक्टर, दवा और एम्बुलेंस की कमी का बहाना नहीं चलेगा। एक माह बाद इन सभी निर्देशों की समीक्षा होगी।”
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, जेएमएचआईडीपीसीएल के एमडी अबु इमरान, एनएचएम निदेशक शशि प्रकाश झा समेत राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जन और अधिकारी मौजूद रहे।












