Jharkhand News: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2024 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इस परीक्षा से जुड़ा पिछला विज्ञापन रद्द कर दिया है, जिससे करीब 3.50 लाख अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करना पड़ेगा.
हालांकि राहत की बात यह है कि जो उम्मीदवार पहले ही परीक्षा शुल्क जमा कर चुके हैं, उन्हें दोबारा फीस नहीं देनी होगी. JAC ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी करते हुए कहा कि अब परीक्षा नई नियमावली के तहत आयोजित की जाएगी, जिस पर काम तेजी से जारी है.
क्यों रद्द हुई परीक्षा?
JAC के मुताबिक, परीक्षा वर्ष 2019 की पुरानी नियमावली के आधार पर आयोजित की जा रही थी. लेकिन अब स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने उस नियमावली में बदलाव करने और नई नियमावली बनाने के लिए एक समिति का गठन किया है. जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकती.
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी बातें:
- 2024 के लिए जारी पुराना JTET विज्ञापन अब अमान्य है.
- सभी अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करना होगा
- जिन्होंने पहले परीक्षा शुल्क जमा किया है, उन्हें दोबारा पैसे नहीं देने होंगे.
- नई नियमावली के अनुसार परीक्षा की नई तिथि और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी जल्द दी जाएगी.
लाखों उम्मीदवारों की चिंता बढ़ी!
इस फैसले के बाद तीन लाख से अधिक उम्मीदवारों की तैयारी और उम्मीदों को झटका लगा है. अब सभी की निगाहें नई नियमावली और परीक्षा तिथि की घोषणा पर टिकी हैं.












