Jharkhand में हाल के दिनों में सामने आई कई घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर रामगढ़ के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर परिसर में श्रद्धालु के साथ पुलिसकर्मियों की मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है, वहीं राजधानी रांची में रेस्टोरेंट पर फायरिंग के बाद गैंगस्टर की धमकी ने लोगों में दहशत फैला दी है। इसके साथ ही बोकारो समेत कई जिलों के अदालत परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट, वीडियो वायरल
रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर परिसर में हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक श्रद्धालु और वहां तैनात पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि युवक अपने परिवार के साथ माता के दर्शन करने मंदिर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका सुरक्षाकर्मियों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस बढ़ने के बाद पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उस व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
रजरप्पा मंदिर मैं दर्शन करने आए श्रद्धालु की पिटाई का वीडियो वायरल पुलिस वालों के साथ हुई थी बकझक#rajrappamandir #ramgarh #ramgarhpolice #jharkhandpolice @HemantSorenJMM @RamgarhPolice @DC_Ramgarh @JharkhandPolice pic.twitter.com/zEY0MyRSBN
— Khabar Mantra Live (@Khabarmantlive) March 9, 2026
घटना के समय उसके परिवार के सदस्य भी मौके पर मौजूद थे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। मंदिर परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।
रांची में रेस्टोरेंट पर फायरिंग, गैंगस्टर की धमकी
राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में स्थित Tito’s Family Restaurant में हुई फायरिंग की घटना ने भी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात लोधमा रोड स्थित कुटियातु चौक के पास रेस्टोरेंट में दो हथियारबंद अपराधी बाइक से पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। रेस्टोरेंट में घुसते ही उन्होंने करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी।

घटना के कुछ ही घंटों बाद रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप के मोबाइल पर एक ऑडियो मैसेज भेजा गया, जिसमें गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
ऑडियो में कहा गया, “इस बार बच गया ना रे, अगली बार घर में घुसकर मारेंगे, पैसा तो देना ही पड़ेगा।”
इसके साथ ही यह भी कहा गया कि उसके लोग रांची में मौजूद हैं और लगातार जानकारी दे रहे हैं। अगर रंगदारी नहीं दी गई तो रेस्टोरेंट मालिक के साथ काम करने वाले लोगों को भी निशाना बनाया जाएगा।
बोकारो कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
Jharkhand में अदालतों और सरकारी परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला भी लगातार जारी है। राजधानी रांची और धनबाद के बाद अब बोकारो सिविल कोर्ट परिसर को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

सोमवार को धमकी की सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया और वकीलों, कर्मचारियों तथा मुवक्किलों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह खुद मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस की कई टीमों ने पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।
कोर्ट भवन, पार्किंग क्षेत्र, कार्यालयों और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई, हालांकि किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से धमकी भरे ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और सर्वर की तकनीकी जांच कर रही है।
कई अदालतों को मिल चुकी है बम धमकी
फरवरी और मार्च 2026 के दौरान कई अदालतों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
- फरवरी 2026 – पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (एक महीने में तीन बार)
- फरवरी 2026 – रांची सिविल कोर्ट में बम ब्लास्ट की धमकी
- फरवरी 2026 – बक्सर सिविल कोर्ट में धमकी भरा ई-मेल
- फरवरी 2026 – बेगूसराय सिविल कोर्ट को धमकी
- फरवरी 2026 – पूर्णिया कोर्ट को ब्लास्ट की धमकी
- फरवरी 2026 – धनबाद सिविल कोर्ट को धमकी
- मार्च 2026 – बोकारो कोर्ट को सायनाइड बम से उड़ाने की धमकी
कानून व्यवस्था पर उठ रहे बड़े सवाल
मंदिर परिसर में पुलिसकर्मियों की कथित मारपीट, राजधानी में अपराधियों की खुलेआम फायरिंग और अदालत परिसरों को लगातार मिल रही धमकियों ने झारखंड की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं के बाद आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं।












