Jharkhand News: धनबाद मेमको मोड़ पर लक्ष्मी मार्बल दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
धनबाद (बरवाअड्डा): धनबाद के मेमको मोड़ स्थित एक मार्बल दुकान में गुरुवार रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के दारू दुकान के पास स्थित ‘लक्ष्मी मार्बल’ की है। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
शॉर्ट सर्किट बनी वजह
जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। स्थानीय लोगों ने दुकान के भीतर से काला धुआं निकलता देख शोर मचाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें बेकाबू हो चुकी थीं।
डेढ़ घंटे बाद पहुंचे मालिक
घटना के दौरान कुछ प्रशासनिक और तकनीकी खामियां भी सामने आईं। दुकान मालिक को मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटा लग गया। शटर की चाबी नहीं होने के कारण फायर ब्रिगेड को काम शुरू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर तक जब ताला नहीं खुला, तो अंत में गैस कटर मंगाया गया। शटर काटने के बाद ही दमकल कर्मी अंदर प्रवेश कर पाए। मौके पर अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां पहुंचीं और घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना की सूचना आधे घंटे के भीतर ही स्थानीय प्रशासन को दे दी गई थी। बावजूद इसके, प्रशासनिक स्तर पर शटर खुलवाने या स्थिति को संभालने के लिए त्वरित कदम नहीं उठाए गए। केवल फायर ब्रिगेड की टीम को ही मौके पर भेजा गया, जिससे कीमती समय बर्बाद हुआ।











