Jharkhand News: सरायढेला के तपोवन कॉलोनी में बड़ी चोरी, सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना
Jharkhand News: धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर के समीप स्थित तपोवन कॉलोनी में गृह भेदन (चोरी) की बड़ी घटना सामने आई है। बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार गृहस्वामी सुदेश दुबे अपने परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में पिछले करीब एक सप्ताह से घर से बाहर थे, जिसके कारण मकान खाली पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आराम से पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पड़ोसियों ने दी गृहस्वामी और पुलिस को सूचना
घटना के बाद घर का नजारा बिखरा हुआ मिला। चोरों ने एक-एक कमरे की तलाशी ली और अलमारी में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रथम दृष्टया यह अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों को पहले से इस बात की जानकारी थी कि घर में कोई मौजूद नहीं है।
स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि सुबह जब उन्होंने घर का दरवाजा टूटा देखा तो शक हुआ। इसके बाद उन्होंने गृहस्वामी को सूचना दी, जिन्होंने बताया कि वे इलाज के लिए बाहर हैं।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज पर नजर
सूचना मिलते ही सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर की बारीकी से जांच की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।फिलहाल चोरी में हुए नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है। इधर, इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।












