Jharkhand News: हजारीबाग की चरही घाटी में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने वन विभाग को गहरे सदमे में डाल दिया। जंगली हाथियों के बढ़ते उत्पात को नियंत्रित करने जा रही क्विक रिस्पॉन्स टीम की गाड़ी की तेज रफ्तार कंटेनर से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Jharkhand News: आठ अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी पिंटू कर्मकार और स्थानीय चालक शहादत अंसारी की जान चली गई, जबकि आठ अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
Jharkhand News: जंगली हाथियों के आतंक से दहशत में लोग
बताया जा रहा है कि वन विभाग रामगढ़ के आग्रह पर बांकुरा से नौ सदस्यीय टीम हजारीबाग पहुंची थी। क्षेत्र में हाथियों की हलचल से ग्रामीणों में दहशत थी, जिसे काबू में करने के लिए टीम को तैनात किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल अस्पताल पहुंचे और हालात की जानकारी ली। लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच इस हादसे ने विभाग और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।











