Jharkhand News: रांची के इरबा स्थित फ्लोरेंस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के 22 वें लैंप लाइटिंग एंड कैंपिंग सेरेमनी में राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई. इस मौके बेहतर अंक पाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया.
इस मौके पर छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि फ्लोरेंस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के संस्थापक हाजी अहसान अंसारी के सिद्धांत पर संस्थान निरंतर आगे बढ़ रहा है. विपरीत परिस्थितियों में भी इस संस्थान ने शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन से कभी समझौता नहीं किया. यही वजह है कि झारखंड ही नहीं दूसरे राज्य के छात्र भी इस संस्थान में नामांकन लेने की ख्वाहिश रखते है.
Jharkhand News: सेवा का मार्ग आसान नहीं होता
उन्होंने कहा कि सेवा का मार्ग आसान नहीं होता, ये संघर्ष और त्याग का मार्ग है. कई बार ना चाहते हुए भी, समय की सीमा को लांघते हुए भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करना पड़ता है. मंत्री ने कहा कि इस संस्थान में बहुत सारे ऐसे गरीब परिवार के बच्चे नर्सिंग की शिक्षा ले रहें है, जिनके माता-पिता ने बहुत मुश्किल हालात में उन्हें यहां भेजा है. छात्रों को भी अपने अभिभावकों के सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत और लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि राज्य में संवेदनशील सरकार है और मेडिकल के क्षेत्र में जिस तरह की भी मदद की जरूरत हो, सरकार उसे जरूर पूरा करने का प्रयास करेगी. इस मौके पर मेदांता के सलाहकार मंजूर अहमद अंसारी, निदेशक डॉ शाहीन कौशर, उप प्रमुख रिजवान अंसारी, विक्रम मजूमदार, अबू नसर, कमिश्नर मुंडा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे.












