Jharkhand News: धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित पंडरपाला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राजेंद्र ग्राउंड के पास बह रहे नाले में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जैसे ही नाले में शव देखा, इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
Jharkhand News: मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है-परिजन
मृतक की पहचान पंडरपाला निवासी आफताब खान के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई तो घर में मातम छा गया। छोटे भाई ने बताया कि आफताब की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था। वे अक्सर घर से बिना बताए निकल जाते थे। पिछले दो दिनों से वे लापता थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भटकते हुए वे नाले के पास पहुंचे होंगे और पैर फिसलने से गिर गए होंगे। हालांकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मामले की गंभीरता से जांच जारी है।












