Dhanbad: झारखंड में निकाय चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में “अपराधियों की समानांतर सरकार” चल रही है।
धनबाद में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में संभावित हार से घबराई सत्ता पक्ष अपराधियों के जरिए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को धमकियां दिलवा रहा है।
भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को मिल रही जान से मारने की धमकी
आदित्य साहू ने बताया कि चक्रधर क्षेत्र से भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजय गगराई को इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। इसके अलावा एक महिला कार्यकर्ता के घर पर धमकी भरा पोस्टर भी चिपकाया गया।
Read More: रांची में hit and run का खौफनाक मंजर: थाने में भारी बवाल!
उन्होंने धनबाद और मेदिनीनगर (पलामू) के उम्मीदवारों को भी अपराधियों से धमकी मिलने का आरोप लगाया। साहू ने कहा कि इस मामले में उन्होंने संबंधित पुलिस अधीक्षक से बात कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
“हार के डर से अपराधियों का सहारा”
साहू ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों से राज्य सरकार अपराधियों, दलालों और बिचौलियों को संरक्षण देती रही है। अब निकाय चुनाव में अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिताने के लिए अपराधियों का सहारा लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कई कुख्यात अपराधी राज्य के विभिन्न निकाय क्षेत्रों में सक्रिय हैं। भाजपा पहले ही इस आशंका को जता चुकी है।
बैलेट से चुनाव कराने पर भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराकर और बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय लेकर बूथ लूट और बूथ कैप्चरिंग की आशंका बढ़ा दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला लोकतंत्र को कमजोर करने की मंशा से लिया गया है।
निर्वाचन आयोग से केंद्रीय बल और CCTV की मांग
भाजपा ने निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
साहू ने कहा कि यदि राज्य सरकार अपराधियों पर लगाम नहीं लगाती, तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
प्रेसवार्ता में कौन-कौन रहे मौजूद
इस प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद पी.एन. सिंह और जिलाध्यक्ष श्रवण राय भी उपस्थित थे।












