Ranchi News: झारखंड में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है, हालांकि झारखंडवासियों के लिए राहत की बात यह है कि फिलहाल शीतलहर का रफ्तार कम है। दूसरी ओर, बिहार से सटे जिलों में कुहासे का असर बढ़ गया है। बिहार इस समय पश्चिमी विक्षोभ की चपेट में है, जिसका असर सीमावर्ती इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है।
राजधानी रांची को कोहरे से मिली राहत
बिहार से सटे पलामू जिले में कोहरे का खासा असर देखने को मिल रहा है, जहां सुबह के वक्त विजिबिलिटी घटकर मात्र 300 मीटर रह गई है। वहीं राजधानी को कोहरे से थोड़ी राहत मिली है और यहां विजिबिलिटी करीब 700 मीटर रिकॉर्ड की गई है। लगभग यही स्थिति जमशेदपुर की भी है, जहां दृश्यता 800 मीटर के आसपास दर्ज की गई है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में
मौसम विभाग ने बताया कि, झारखंड में न्यूनतम तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है। बीते दिनों तापमान में तेज गिरावट आई थी, लेकिन अब उसमें हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
Read more- Jharkhand News: शराब प्रेमियों के लिए खुशखबरी, राज्य में सुबह 4 बजे तक खुलेंगे बार
अन्य शहरों की बात करें तो डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री, बोकारो का 10.5 डिग्री और राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है।












