Ranchi: झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने शनिवार को JSCA अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान राज्य में खेल और पर्यटन के विकास पर गहन चर्चा हुई।
मंत्री सोनू ने बताया कि राज्य सरकार झारखंड को पर्यटन और खेल गतिविधियों का हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ क्रिकेट के लीजेंड नहीं हैं, बल्कि उनके अनुभव और दृष्टिकोण से झारखंड में खेल और पर्यटन को नई ऊंचाइयां दी जा सकती हैं। राज्य सरकार के लिए उनका मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण होगा।”
मुलाकात के दौरान दोनों ने राज्य के पर्यटन स्थलों के प्रमोशन और खेल सुविधाओं के विस्तार पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया। सोनू ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में धोनी की भूमिका राज्य के युवा खिलाड़ियों और पर्यटन क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी साबित हो सकती है।
धोनी के अनुभव से झारखंड को मिलेगा फायदा
महेंद्र सिंह धोनी, जिन्होंने अपने क्रिकेट करियर से झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है, अब राज्य में खेल के साथ-साथ पर्यटन की ब्रांडिंग में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
झारखंड को खेल और पर्यटन का हब बनाने की योजना
पर्यटन मंत्री ने बताया कि सरकार का उद्देश्य झारखंड को देश और दुनिया के प्रमुख खेल और पर्यटन गंतव्यों में शामिल करना है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और ब्रांड एंबेसडर के रूप में धोनी का जुड़ना इस प्रयास को और मजबूती देगा।












