Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका जताई है। इसे देखते हुए 13 जिलों में येलो अलर्ट (Yellow Alert in Jharkhand) जारी किया गया है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रांची, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिलों में आज और आने वाले दिनों में मूसलधार बारिश हो सकती है। लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
30-31 जुलाई और 1 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 30 और 31 जुलाई को देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ जिलों में भारी वर्षा (Heavy Rainfall Alert in Jharkhand) की चेतावनी दी है। इसके अलावा 1 अगस्त को भी कई इलाकों में मेघ गर्जन, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी टुंडी में 82 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों में धनबाद के पूर्वी टुंडी में सबसे अधिक 82 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा रांची में 11 मिमी, देवघर में 14 मिमी, मेदिनीनगर में 3 मिमी और बोकारो में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
झारखंड में सामान्य से 53% अधिक वर्षा
1 जून से अब तक झारखंड में 732.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 53 फीसदी अधिक है। रांची में अब तक 965.7 मिमी, जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले में 1139.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
इन जिलों में हुई अब तक सबसे ज्यादा बारिश
- पूर्वी सिंहभूम – 1274 मिमी
- रांची – 1033.3 मिमी
- पश्चिमी सिंहभूम – 916.6 मिमी
- डालटनगंज – 867 मिमी
- बोकारो थर्मल – 781.7 मिमी
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि झारखंड में इस बार मानसून काफी मेहरबान रहा है और कई जिलों में अब तक सामान्य से बहुत अधिक बारिश हो चुकी है।













