धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के छोटे से गांव कुमारधुबी बागानधौड़ा की रहने वाली पूजा कुमारी ने पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहने वाली पूजा अब कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच पर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने जा रही हैं।
पूजा कुमारी ने बताया, “जब मैं मैट्रिक की परीक्षा में टॉपर हुई थी तो पूरे गांव और समाज ने मुझे भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया। पढ़ाई के साथ मैं छोटे-छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी, आज वही बच्चे मैट्रिक और इंटर पास कर अपने माता-पिता का नाम रोशन कर रहे हैं।”
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए कहा, “बिना मां-बाप के आशीर्वाद यह मुकाम पाना असंभव था। हर सफल इंसान के पीछे उनके माता-पिता की दुआ और प्रेरणा जरूर होती है।” पूजा का कहना है कि वह शुरू से पढ़ाई में तेज थीं और कभी हिम्मत-हौसला कम नहीं होने दिया। उनका सपना था कि जिंदगी में कुछ बड़ा करें, और अब KBC का यह अवसर उसी सपने को साकार करने जैसा है।
पूजा कुमारी ने जिले और राज्य के लोगों से अपील की, “आप सभी मेरे लिए दुआ करें ताकि मैं इस खेल में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकूं और अपने गांव, जिले और झारखंड का नाम रोशन करूं।”












