रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की आगामी परीक्षाएं अब फिर से दो चरणों में आयोजित की जाएंगी. इस प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जा रहा है और 21 जून 2025 को संभावित कैबिनेट बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिए जाने की उम्मीद है.
JSSC परीक्षा पैटर्न में बदलाव
कार्मिक विभाग ने परीक्षा प्रणाली को फिर से दो चरणों — प्रारंभिक (Preliminary Exam) और मुख्य परीक्षा (Main Exam) — में कराने का प्रस्ताव तैयार किया है. इस प्रस्ताव को विधि विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और अब यह वित्त विभाग की सहमति के इंतजार में है. माना जा रहा है कि गुरुवार तक वित्त विभाग से स्वीकृति मिल जाएगी.
यह बदलाव झारखंड में सरकारी भर्तियों को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
JSSC दो चरणीय परीक्षा प्रणाली
यह उल्लेखनीय है कि पहले भी JSSC दो चरणों में परीक्षाएं आयोजित करता था, जिसमें उम्मीदवारों को प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिलता था. यह प्रणाली कई वर्षों से बंद थी, लेकिन अब इसे दोबारा लागू करने की योजना है.
कैबिनेट में अन्य विभागों के भी प्रस्ताव शामिल
कैबिनेट विभाग के सूत्रों के अनुसार, ग्रामीण विकास विभाग और अन्य विभागों से जुड़े लगभग एक दर्जन प्रस्ताव कैबिनेट तक पहुंच चुके हैं, जिन पर भी इस बैठक में चर्चा की जाएगी.













