खूंटी: जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कर्रा-लोधमा-धुर्वा मुख्य मार्ग पर कच्चाबारी पंचायत के तिग्गा नदी पुल के नीचे प्लास्टिक के बोरे में बंद एक अज्ञात युवती का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मैदा के बोरे में मिला शव
स्थानीय लोगों की नजर पुल के नीचे पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना कर्रा थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलकर जांच की। अंदर करीब 25 से 30 वर्ष की युवती का शव मिला।
बताया गया कि युवती ने केवल शर्ट पहन रखी थी। जिस बोरे में शव बंद था, वह मैदा का बोरा था। शव पर मैदा लगा हुआ था।
दूसरे स्थान पर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पहचान के लिए गुमशुदगी के मामलों की जांच
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों से मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की भी जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतका की पहचान होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












