Koderma: कोडरमा में खून का रिश्ता शर्मसार हो गया। कोडरमा थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बेटी को डरा-धमकाकर दुष्कर्म का आरोप
कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार के अनुसार, घटना 31 अगस्त की बतायी जा रही है। आरोप है कि आरोपी ने अपनी नाबालिग बेटी को डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
धमकी के कारण पीड़िता और उसकी मां भयभीत रहीं। बाद में पीड़िता की मां ने अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बुधवार को परिजनों के साथ दोनों कोडरमा थाना पहुंचीं और शिकायत दर्ज करायी।
आरोपी ने पहले भी बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था
पीड़िता की मां ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी ने पहले भी बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। उस समय विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने कथित तौर पर जहर खाकर जान देने की धमकी दी थी। इसके कारण उस समय मामला आगे नहीं बढ़ सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









