Koderma: कोडरमा शहर में सामान जांचने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर घर लौट रहे मरकच्चो निवासी वीरेंद्र यादव को दो अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने सरकारी गाड़ी से घर पहुंचाने और किराया नहीं लगने की बात कहकर उसे अपने साथ लिया। बाद में सीएच स्कूल रोड में छोड़कर उसका कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़ित वीरेंद्र यादव ने बताया कि वह नागपुर में काम करता है और दुर्गा पूजा के अवसर पर घर लौट रहा था। शुक्रवार सुबह कोडरमा स्टेशन पर उतरने के बाद बाहर उसकी मुलाकात दो लोगों से हुई। दोनों ने बताया कि उनका मौसेरा भाई भी मरकच्चो का रहने वाला है और वे उसके पास सामान पहुंचाने जा रहे हैं। सरकारी गाड़ी होने की बात कहकर उन्होंने वीरेंद्र को भी साथ चलने का प्रस्ताव दिया।
सामान जांचने के बहाने बनाया शिकार
वीरेंद्र के मुताबिक, आरोपियों की बातों में आकर वह उनके साथ चला गया। कुछ दूर जाने के बाद दोनों ने उसे नकदी, आभूषण और मोबाइल समेत कीमती सामान बैग में रखने को कहा। इसके बाद सामान की जांच कराने का बहाना बनाया और वीरेंद्र को सीएच स्कूल रोड में इंतजार करने के लिए कहा।
आरोपियों ने कहा कि वे सामान चेक कराकर कार लेकर लौटेंगे। लेकिन दोनों वापस नहीं आए। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसके 20 हजार रुपये नकद, करीब 15 हजार रुपये की चेन, मोबाइल और कपड़ों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
एक सप्ताह के भीतर कोडरमा में ठगी की दूसरी घटना
शहर में इस तरह ठगी की एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, मामले में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









