Jharkhand News: शराब घोटाले मामले में एसीबी लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में बीते दिनों एसीबी ने पूर्व आईएएस अधिकारी अमित प्रकाश को गिरफ्तार किया था. उनकी गिरफ्तारी के बाद आज एसीबी ने उनसे पूछताछ की. इसी दौरान एसीबी की एक टीम उत्पाद विभाग में छापेमारी करने पहुंची, जहां कई घंटे तक छापेमारी चली. छानबीन के दौरान कई नए नाम सामने आए हैं.
100 करोड़ से अधिक घोटाले की आशंका
एसीबी को शक है कि यह घोटाला केवल 38 करोड़ रुपये तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी राशि 100 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसीबी को ऐसे कई दस्तावेज मिले हैं, जिनमें अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल हैं. अब एसीबी इन व्यक्तियों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है.
कई लोगों पर शिकंजा कस सकती है एसीबी
माना जा रहा है कि जल्द ही कई अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है. गौरतलब है कि पहले भी यह खबर सामने आ चुकी है कि आईएएस विनय चौबे द्वारा एक विशेष कंपनी को लाभ पहुंचाया जा था. ऐसे में एसीबी को ऐसे कई दस्तावेज मिले हैं, जिनमें घोटाले में शामिल अन्य लोगों के नाम हो सकते हैं. आपको बता दें कि बीते दिनों एसीबी ने पूर्व उत्पाद आयुक्त आईएएस अमित प्रकाश को पूछताछ के लिए एसीबी कार्यालय बुलाया था. कई घंटे की पूछताछ के बाद एसीबी ने उन्हें हिरासत में ले लिया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है एसीबी
अब तक इस घोटाले में एसीबी कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें आईएएस विनय चौबे, उत्पाद आयुक्त गजेंद्र सिंह, पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश, नीरज सिंह, सुधीर दास और सुधीर कुमार का नाम शामिल है. फिलहाल यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में एसीबी अन्य दोषियों को भी गिरफ्तार कर सकती है.












