Ranchi News: राजधानी रांची के अलग-अलग इलाकों में शराब दुकानों द्वारा एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत पर उत्पाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. शनिवार देर शाम विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें पंडरा बाजार और मोरहाबादी स्थित दो दुकानों पर छापेमारी की गई. जांच के दौरान एमआरपी से अधिक वसूली की पुष्टि होने पर सात सेल्समैन को गिरफ्तार किया गया.
चार दुकानों की जांच, दो में मिली गड़बड़ी
उत्पाद विभाग की टीमों ने शहर की चार प्रमुख दुकानों की जांच की. इनमें से दो दुकानों पर एमआरपी से अधिक राशि वसूलने की पुष्टि हुई. अधिकारियों के अनुसार, ग्राहकों से प्रति बोतल 10 से 50 रुपये तक अधिक लिए जा रहे थे.
गिरफ्तार सेल्समैनों के नाम
प्रभात रंजन सिंह, विजय कुमार, निखिल कुमार, मनोज कुमार, अनूप कुमार, भीम कुमार गुप्ता और पंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया है. इन सभी को मौके पर ही हिरासत में लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए थाने ले जाया गया.
स्वयं पहुंचे उत्पाद आयुक्त, दुकान को किया सील
उत्पाद आयुक्त रविशंकर शुक्ला ने खुद पंडरा बाजार स्थित शराब दुकान पर छापेमारी की. यहां लोगों ने एमआरपी से अधिक दर पर शराब बेचे जाने की शिकायत की थी. मौके पर पहुंचते ही आयुक्त ने दुकान को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया और संबंधित सेल्समैन को गिरफ्तार करवाया.
ऑनलाइन पेमेंट पर भी की जा रही थी ओवरचार्जिंग
शिकायत के अनुसार, सेल्समैन न केवल नकद लेन-देन में बल्कि ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से भी ग्राहकों से अधिक पैसा वसूल रहे थे. एक शराब की बोतल जिसकी एमआरपी ₹1950 थी, उसके ₹2000 लिए गए. वहीं, ₹140 की बोतल के ₹150 वसूले जा रहे थे.
उत्पाद विभाग की सख्त चेतावनी
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि एमआरपी से अधिक मूल्य वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. विभागीय निर्देशों के अनुसार दोषी कर्मचारियों पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी.













