Jharkhand News— झारखंड के गिरिडीह जिले के इसरी बाजार में मुहर्रम जुलूस के दौरान तेज डीजे की आवाज़ एक बुजुर्ग महिला की मौत का कारण बन गई. घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. मृतका की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के पटरियाटांड निवासी कौशल्या देवी (उम्र 72 वर्ष) के रूप में की गई है.
खांसी की दवा लेने आई थीं बाजार
जानकारी के मुताबिक, कौशल्या देवी शनिवार को खांसी की दवा लेने इसरी बाजार आई थीं. इसी दौरान बाजार से मुहर्रम का जुलूस गुजर रहा था, जिसमें तेज़ आवाज़ में डीजे बजाया जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीजे की तेज़ ध्वनि को वह सहन नहीं कर सकीं और असंतुलित होकर दवा दुकान के सामने ही गिर पड़ीं.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. महिला को डुमरी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में शोक और नाराजगी का माहौल है. कई लोगों ने तेज़ डीजे बजाने की परंपरा पर सवाल उठाए हैं और इस पर नियंत्रण की मांग की है, खासकर ऐसे धार्मिक आयोजनों के दौरान जहां भीड़ और बुजुर्गों की उपस्थिति सामान्य होती है.
read more- झारखंड में पुल टूटा, लेकिन रुकी नहीं पढ़ाई! जान जोखिम में डाल रहे हैं ये मासूम बच्चे
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, जिला प्रशासन से डीजे की ध्वनि सीमा और अनुमति प्रक्रिया को लेकर भी सख्ती की मांग की जा रही है.













