LPG Gas Booking New Rules 2026: रांची में रसोई गैस का संकट, क्यों बढ़ा 74 हजार का बैकलॉग?
LPG Gas Booking New Rules 2026: देश में रसोई गैस की बढ़ती मांग और सप्लाई चेन की चुनौतियों को देखते हुए केंद्र सरकार और तेल कंपनियों ने बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव किया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया है कि घरेलू उत्पादन में 40% की बढ़ोतरी के बावजूद पैनिक बुकिंग के कारण दबाव बना हुआ है।
इंडेन गैस बुकिंग के नए नियम (Indane Gas New Booking Limits)
रसोई गैस की किल्लत और बैकलॉग को नियंत्रित करने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने रिफिल बुकिंग की समय-सीमा बदल दी है, अब उपभोक्ता 35 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक कर सकेंगे, पहले यह सीमा 25 दिन थी। सिंगल सिलेंडर 2 kg के लिए बुकिंग की सीमा पहले की तरह 25 दिन ही रहेगी। 10 किलो सिलेंडर के डबल कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए अंतराल 25 दिन तय किया गया है। वहीं 5 किलो सिलेंडर रिफिल बुकिंग के लिए 12 दिन का अंतर जरूरी है। साथ ही उज्ज्वला योजना के ग्राहकों को अब अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार करना होगा।
LPG अपडेट: घरेलू उत्पादन में 40% की वृद्धि
केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, अमेरिका-ईरान तनाव के बावजूद भारत की रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं। घरेलू एलपीजी उत्पादन में 40% का इजाफा हुआ है। साथ ही 13 मार्च को जहाँ 89 लाख बुकिंग थी, वहीं 19 मार्च तक यह घटकर 55 लाख प्रतिदिन पर आ गई है। वर्तमान में कमर्शियल गैस की सप्लाई में 20% की कमी देखी जा रही है।
कालाबाजारी पर सख्त एक्शन: 33 हजार छापेमारी
गैस की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने देशभर में अभियान चलाया है जिसमें कुल 33,000 छापेमारी की गई हैं। जिसके बाद 550 FIR दर्ज कर 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 32 राज्यों में रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
रांची में गैस संकट: 74 हजार का बैकलॉग
झारखंड की राजधानी रांची में स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण है। तेल कंपनियों के अनुसार, जिले में 74,000 सिलेंडरों का बैकलॉग है। लोग युद्ध की आशंका में ‘पैनिक बुकिंग’ कर रहे हैं, जिससे सामान्य से 50% अधिक मांग बढ़ गई है।
रांची में शिकायत कैसे करें?
यदि आपको गैस की डिलीवरी या कालाबाजारी से संबंधित कोई समस्या है, तो जिला प्रशासन के इन माध्यमों पर संपर्क करें:
- वॉट्सएप नंबर: 9430328080
- ईमेल: lpgranchi2026@gmail.com
PNG कनेक्शन पर जोर
पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा देने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। मार्च महीने में 3.5 लाख नए कनेक्शन दिए गए हैं और 10 लाख अन्य पर काम चल रहा है। मंत्री वैष्णव ने आश्वासन दिया है कि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है और घबराने की जरूरत नहीं है।












