पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में गुरुवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया. जहां, वज्रपात की चपेट में आकर CRPF और झारखंड जगुआर के चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई.
मृतक की पहचान CRPF के द्वितीय कमान अधिकारी एमपी सिंह के रूप में हुई है, जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस हादसे में घायल हुए अन्य जवानों में CRPF के सहायक कमांडेंट सुबीर मंडल, झारखंड जगुआर के एएसआई सुदेश और एएसआई चंदन हांसदा शामिल हैं. सभी घायलों को त्वरित रूप से नोवामुंडी लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना उस समय हुई जब सुरक्षाबल इलाके में नियमित गश्त पर थे. अचानक मौसम बिगड़ने पर तेज बारिश और बिजली गिरने लगी, जिससे जवान वज्रपात की चपेट में आ गए.
वहीं, झारखंड पुलिस और CRPF ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी है और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.












