Ranchi: राजधानी रांची में गांजा तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 97 किलो गांजा बरामद किया है। संयुक्त टीम ने नगड़ी इलाके में दो कारों को घेरकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दो संदिग्ध कारों में किया जा रहा था नशे का कारोबार
पुलिस के अनुसार, NCB को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप रांची लाई जा रही है। इसके बाद रांची पुलिस की मदद से नगड़ी में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें टीम की नजर में आईं।
टीम को देखते ही आगे चल रही कार ने वापस मुड़कर भागने की कोशिश की, जबकि पीछे की कार ने भी तेजी से निकलने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस और NCB की टीम ने दोनों वाहनों को घेर लिया।
एक कार से तलाशी के दौरान 97 किलो गांजा बरामद
तलाशी के दौरान एक कार से करीब 97 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करी में दो कारों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आगे चल रही कार से रास्ते की रेकी की जा रही थी, जबकि दूसरी कार में गांजा रखा था।
पूछताछ में खेप को हजारीबाग के बरही तक ले जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग निवासी शुभम कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं। तीसरे आरोपी की पहचान और पूरे नेटवर्क को लेकर जांच जारी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












