बिहार की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. चर्चित यूट्यूबर और पत्रकार से नेता बने मनीष कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा दे दिया है. अपने ऑफिशियल चैनल पर वीडियो जारी कर मनीष कश्यप ने साफ तौर पर कहा कि वे अब भाजपा में नहीं हैं और जल्द ही बिहार विधानसभा चुनाव 2025 लड़ने की तैयारी में हैं.
“माफ करिए, गलती हो गई”– मनीष
वीडियो में भावुक नजर आए मनीष कश्यप ने भाजपा जॉइन करने को अपनी सबसे बड़ी गलती बताया है. उन्होंने अपने फॉलोअर्स और बिहार की जनता से माफी भी मांगी. पीएम मोदी को लेकर उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा यशस्वी रहेंगे, लेकिन मैं मर्यादा में रहकर अपनी बात रखूंगा. पार्टी से बाहर हूं, इसका मतलब यह नहीं कि बेवजह उन पर निशाना साधूं.
read more- दिल्ली में भाजपा विधायक को नहीं मिला कमरा, फिर जो किया उसे देख लोग रह गए हैरान!
राजनीति में नया अध्याय
मनीष कश्यप ने एलान किया है कि वह अब बिहारियों, मजदूरों और पलायन के मुद्दे को लेकर मैदान में उतरेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के अंदर रहकर वह इन मुद्दों को मजबूती से नहीं उठा पा रहे थे. उन्होनें स्पष्ट किया कि “अब मैं जनता के लिए लड़ूंगा, न कि पार्टी के लिए.”
भाजपा पर किया हमला
अपने इस्तीफे में मनीष कश्यप ने भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पार्टी में रहकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना संभव नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार को देखकर भी चुप रहने की मजबूरी थी. यही वजह है कि मैं अब इस सिस्टम के खिलाफ अकेले खड़ा रहूंगा.
read more- झारखंड शराब घोटाला: ACB ने 6 कारोबारियों को भेजा नोटिस
स्वास्थ्य विभाग पर भी साधा निशाना
मनीष कश्यप ने कहा कि वह बिहार के स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाएंगे. उन्होंने लोगों से राय भी मांगी कि उन्हें किस सीट से चुनाव लड़ना चाहिए और क्या निर्दलीय उम्मीदवार बनकर मैदान में उतरना सही रहेगा.
मर्यादा में रहकर काम करने का वादा
भाजपा में अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझे एक साल एक महीने तक भाजपा में साथ दिया. मैं अब भी मर्यादा में रहकर काम करूंगा.
मनोज तिवारी को बताया “भैया”
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं मनोज तिवारी और संजय जायसवाल का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे अब भी उन्हें बड़े भाई मानते हैं, लेकिन जनता की तरफ से उनसे सवाल ज़रूर पूछेंगे. मुझे सबक सिखाने के लिए धन्यवाद, शायद यह मेरे पिछले जन्म की सजा है.













