National News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 123वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया. अपने इस मासिक रेडियो कार्यक्रम में उन्होंने तीर्थयात्राओं की पुनः शुरुआत, आपातकाल के दौर की भयावहता, और स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं.
तीर्थयात्रियों को पीएम मोदी की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि “लंबे समय बाद कैलाश-मानसरोवर तीर्थयात्रा शुरू हो गई है. अमरनाथ यात्रा भी 3 जुलाई से आरंभ हो रही है. मैं इन सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं.”
उन्होंने इन यात्राओं को भारत की आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक बताया और कहा कि यह आस्था और संस्कृति का पुनर्जीवन है.
read more- पुरी रथ यात्रा 2025: भगदड़ में 3 श्रद्धालुओं की मौत, 100 से ज्यादा घायल
आपातकाल पर तीखा प्रहार
प्रधानमंत्री ने आपातकाल के 50 वर्षों की पृष्ठभूमि में कहा कि “कल्पना कीजिए, वो कैसा दौर होगा जब जनता पर आपातकाल थोप दिया गया. संविधान की हत्या कर दी गई और न्यायपालिका को भी नियंत्रित करने का प्रयास हुआ.” उन्होंने बताया कि उस समय हजारों निर्दोषों को जेल में डाला गया, उन पर अत्याचार हुए और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला घोंट दिया गया. पीएम मोदी ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि लोकतंत्र के खिलाफ खड़े होने वाले अंततः जनता से हार गए.
भारत ट्रेकोमा मुक्त घोषित
पीएम मोदी ने एक बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत को ट्रेकोमा नामक नेत्र रोग से मुक्त घोषित कर दिया है. यह भारत के सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयासों की एक अहम सफलता मानी जा रही है, जो देश के दूरदराज इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की क्षमता को दर्शाता है.
read more- Rath Yatra 2025: रांची रथ मेले में उमड़ रही भारी भीड़, खरीदारी और भक्ति का संगम
सामाजिक सुरक्षा में भारत की प्रगति
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा,
“भारत की 64 प्रतिशत से अधिक आबादी को किसी न किसी रूप में सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल रहा है.” यह भारत के सामाजिक सुरक्षा तंत्र की मजबूती और विस्तार का संकेत है, जिसमें गरीबों, मजदूरों और असंगठित क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता दी गई है.













