Rath Yatra: आगामी 27 जून को आयोजित होने वाली भव्य जगन्नाथपुर रथयात्रा एवं 10 दिवसीय मेले की तैयारियों को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने आज जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सफाई, और मेला प्रबंधन से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि – उपायुक्त
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की बाधा न हो और श्रद्धालुओं को किसी भी परिस्थिति में असुविधा न हो। वीवीआईपी आगंतुकों के लिए भी सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बिजली, पानी, शौचालय और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में रथयात्रा और मेले के दौरान आवश्यक बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, चलंत शौचालय, एंबुलेंस, और अग्निशमन वाहन की तैयारियों की समीक्षा की गई। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे और वॉच टावर की व्यवस्था की पुष्टि की गई। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि दुकानदार केवल निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाएं ताकि यातायात बाधित न हो।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल
उपायुक्त भजंत्री ने रथ यात्रा मार्ग पर मोरम या स्टोन डस्ट डालने और बायो-टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता बनाए रखने पर बल दिया और श्रद्धालुओं से भी सफाई में सहयोग करने की अपील की।
सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति और समयपालन की हिदायत
जगन्नाथ मंदिर से मौसीबाड़ी तक सुरक्षा बलों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने का स्पष्ट निर्देश दिया। साथ ही, मेले के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने हेतु निगरानी बढ़ाने को भी कहा गया।
स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर अपील
उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने और स्वस्थ एवं सुरक्षित आचरण अपनाने की अपील की। उन्होंने दोनापत्तल, कपड़े की थैली जैसे पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं के प्रयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया और मेला परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक के अंत में उपायुक्त द्वारा 10 जुलाई को प्रस्तावित इस्टर्न जोनल काउंसिल की बैठक के लिए सभी संबंधित कोषांगों के वरीय अधिकारियों को तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जन शिकायत हेतु संपर्क करें: “अबुआ साथी” व्हाट्सएप नंबर – 9430328080 रांची जिला प्रशासन हमेशा आपके सहयोग में तत्पर है।













