रांची शहर में नागरिक सुरक्षा को लेकर आज आयोजित सिविल डिफेन्स मॉक ड्रिल के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं. जिला प्रशासन ने आम जनता की सुविधा और ड्रिल के सुचारु संचालन के लिए यह निर्णय लिया है. मॉक ड्रिल को लेकर, दोपहर 3:00 बजे से लेकर शाम 7:00 बजे तक कुछ मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसको लेकर में जिला जनसम्पर्क विभाग द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है.
विशेष रूप से, ए.जी. मोड़ से बिग बाजार और कुसाई चौक से बिग बाजार के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा. एच.ई.सी. गेट से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन अब एच.ई.सी, अरगोड़ा और हरमू बाईपास रोड के रास्ते अपने गंतव्य पर जा सकते हैं. बिरसा चौक से कांटाटोली जाने वाले वाहन डोरंडा मोड़ से दाहिने मुड़कर सदाबहार चौक होते हुए जा सकते हैं. वहीं, मेन रोड या कांटाटोली से बिरसा चौक की ओर जाने वाले यात्रियों को बिग बाजार से रेडिसन ब्लू होटल रोड, कडरू और अरगोड़ा चौक के रास्ते जाने की सलाह दी गई है.
वहीं, मॉक ड्रिल के चलते आज शहर की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है. यह दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक प्रभावी रहेगा, जब मॉक ड्रिल के विभिन्न चरणों का संचालन किया जाएगा. प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल कर दिया जाएगा.
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में बिजली, पानी, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण करना है. प्रशासन ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह अभ्यास सिर्फ नागरिक सुरक्षा के लिए किया जा रहा है और इसमें सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है. साथ ही, प्रशासन ने यह भी बताया कि बिजली कटौती के दौरान अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं.
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह मॉक ड्रिल शहर की आपातकालीन तैयारियों को परखने का एक महत्वपूर्ण अभ्यास है, जो केवल आम जनता की सुरक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.












