Jharkhand News: झारखंड में इस साल सामान्य से अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण राज्य का तापमान तेजी से गिरेगा। आमतौर पर 15 नवंबर से सर्दी शुरू होती है, लेकिन इस बार मानसून की वापसी के साथ ही ठंड ने दस्तक दे दी है। दिन ढलते ही तापमान में गिरावट और रात में सिहरन बढ़ने लगी है।
17 और 18 अक्टूबर को रांची, बोकारो, गुमला, चाईबासा समेत कई जिलों में आंशिक बादल रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा। अक्टूबर के अंत तक पूरा राज्य ठंड के आगोश में आ जाएगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह से कड़ाके की ठंड शुरू हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल ला नीना प्रभाव के कारण उत्तर और पूर्व भारत में औसत तापमान 3–4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों में सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।












