Jharkhand: झारखंड विधानसभा का तृतीय (मानसून) सत्र 1 अगस्त 2025 से 7 अगस्त 2025 तक आयोजित किया जाएगा। सत्र के सुचारु संचालन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को विधानसभा स्थित माननीय अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह, संसदीय कार्य, कानून, सूचना एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सत्र के दौरान विधायकों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया कवरेज, ट्रैफिक नियंत्रण और समग्र समन्वय को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए पूर्व से ही सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विधानसभा परिसर की सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने, आगंतुकों की आवाजाही पर नियंत्रण और मीडिया को सुचारु रूप से कार्य करने के लिए उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मानसून सत्र 2025 में राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण नीतियों, बजट प्रावधानों और विधेयकों पर चर्चा की संभावना है। साथ ही विपक्षी दलों द्वारा जनहित के मुद्दों को सदन में उठाए जाने की भी पूरी संभावना है, जिससे सत्र के गरमाने की उम्मीद जताई जा रही है।












