जामताड़ा: सड़क दुर्घटनाओं और अपराध नियंत्रण को लेकर नारायणपुर पुलिस ने गुरुवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र के ब्लॉक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले दोपहिया वाहनों की डिग्गी, हेलमेट, ओवरलोडिंग, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की।
इस अभियान का नेतृत्व नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने किया, जिनके साथ अवर निरीक्षक साकेत प्रताप देव, कुंदन वर्मा एवं पुलिस बल के अन्य जवान भी मौजूद थे। जांच के दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को फटकार लगाई गई और उन्हें यातायात नियमों के पालन के लिए सख्त हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि विशेषकर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रही हैं। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा नाबालिग चालकों की बाइक जब्त कर परिजनों को बुलाकर चेतावनी दी जा रही है।
थाना प्रभारी ने नारायणपुर वासियों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बाइक न दें और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।












