Ranchi: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) में एक बार फिर स्वास्थ्यकर्मी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीज के परिजनों द्वारा नर्स के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर खुद को मंत्री और राजनीतिक पार्टी से जुड़ा बताते हुए धौंस दिखा रहे थे।
घटना के बाद आक्रोशित नर्सिंग स्टाफ ने ट्रॉमा सेंटर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। नर्सिंग स्टाफ ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अस्पताल की सेवाएं ठप रहेंगी।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, मेडिसिन A2B वार्ड में शाम करीब 4 बजे मरीज हसीब अंसारी के अटेंडेंट के साथ पहले विवाद हुआ, जिसके बाद नर्स अनुपमा कुमारी तिर्की के साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी परिजनों ने खुद को कांग्रेस नेता बताते हुए नर्स को धमकाया और उनके साथ अभद्रता की।
नर्सिंग स्टाफ का आरोप
घटना की जानकारी देते हुए नर्स अनुपम ने बताया कि रिम्स में आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। उन्होंने कहा कि मेडिसिन विभाग में डॉ. अभय के मरीज हबीब अंसारी के परिजनों द्वारा बिना किसी कारण के मारपीट की गई।
प्रबंधन पर भी उठे सवाल
पीड़ित नर्स अनुपमा तिर्की का आरोप है कि घटना की शिकायत करने पर रिम्स प्रबंधन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही फटकार लगाई। इससे नर्सिंग स्टाफ में भारी नाराजगी है।
आर-पार की लड़ाई के मूड में नर्सिंग स्टाफ
इस घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर डीएस और रिम्स निदेशक को बुलाने की मांग की है। नर्सों का कहना है कि जब तक सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








