Dhanbad: मैथन पावर लिमिटेड (एमपीएल) ने श्रमिक दिवस के अवसर पर एक भव्य आयोजन कर मेहनतकश श्रमिकों को सम्मानित किया। इस मौके पर एमपीएल के सीईओ एवं चीफ इस्टर्न रीजन जेनरेशन, श्री जगमीत सिंह सिद्धू ने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान को नमन किया।
सीईओ श्री सिद्धू ने कहा कि श्रमिक वर्ग सिर्फ विकास की धुरी नहीं, बल्कि देश की तरक्की का मूल आधार है। उन्होंने कहा, “श्रमिक जब अपने और अपनों के सपनों की आहूति देते हैं, तभी समाज और राष्ट्र के सपने साकार होते हैं। बिना श्रमिकों की मेहनत के किसी भी राष्ट्र की प्रगति की कल्पना नहीं की जा सकती।”
कार्यक्रम में सीईओ ने महिला श्रमिकों के योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महिला श्रमिक आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने यह भी कहा, “विश्व गगन पर हर साल गुंजे, श्रमिकों का जयगान – आओ मिलकर हम सब करें उनके योगदान को सलाम।”
श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में एमपीएल परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में श्रमिकों की मेहनत और समर्पण को सराहा गया और उन्हें सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने श्रमिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजदूर वर्ग विकासशील देश की नींव है और उनके बल पर ही राष्ट्र की उन्नति संभव है।









