रांची/नई दिल्ली: झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल पतरातू को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रतिष्ठित ‘THE WEEK Heritage Awards 2026’ में पतरातू को ‘रिवरसाइड हेरिटेज’ श्रेणी में सिल्वर बनयान अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्य के पर्यटन विकास और प्राकृतिक विरासत को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने राज्य की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्राकृतिक खूबसूरती और पर्यटन सुविधाओं ने दिलाई पहचान
पतरातू अपनी मनोरम घाटियों, प्राकृतिक सौंदर्य और विशाल जलाशय के लिए प्रसिद्ध है। यहां नौकायन, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, म्यूजिकल फाउंटेन समेत विकसित की गई पर्यटन सुविधाएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।
‘THE WEEK Heritage Awards’ के दूसरे संस्करण में देश के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन से जुड़ी अभिनव पहलों को सम्मानित किया गया। पतरातू को मिला यह पुरस्कार झारखंड के पर्यटन स्थलों की राष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने की दिशा में अहम उपलब्धि है।
पर्यटन से रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की उम्मीद
झारखंड सरकार राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास, पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने और स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।
पर्यटन सचिव मुकेश कुमार ने इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और परियोजना से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मान से राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
पतरातू को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान झारखंड में पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







