Ranchi: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के 2,37,555 लाभुकों को जुलाई माह की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभुकों के बैंक खातों में भेजी गई।
जुलाई माह में कुल ₹23.75 करोड़ की राशि का भुगतान किया गया। प्रत्येक लाभुक को ₹1,000 की पेंशन दी गई।
किन योजनाओं के तहत हुआ भुगतान?
इस वितरण में निम्न योजनाओं के लाभुक शामिल हैं:
मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना – 1,69,124 लाभुक
मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना – 47,474 लाभुक
स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना – 20,200 लाभुक
एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना – 411 लाभुक
मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना – 339 लाभुक
ट्रांसजेंडर व्यक्तियों हेतु मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना – 07 लाभुक
पेंशन न मिलने पर कहां करें शिकायत?
जिला प्रशासन ने बताया कि यदि किसी लाभुक को पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हुई है, तो वह “अबुआ साथी” व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा संबंधित अंचल कार्यालय में भी आवेदन दिया जा सकता है। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निवारण सामाजिक सुरक्षा कार्यालय द्वारा किया जाएगा।












