Ranchi: रविवार देर रात रांची के रातू थाना क्षेत्र के झखराटॉड़ में हुई रवि कुमार की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी रांची पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मुख्य साजिशकर्ता कुणाल कुमार उर्फ बसंत यादव समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, असल निशाना राजबल्लभ गोप था, लेकिन गलती से रवि कुमार की हत्या कर दी गई। इसकी जानकारी रांची एसएसपी चंदन सिन्हा ने प्रेस वार्ता कर दी है।
read more: रांची में फायरिंग: झखराटांड़ इलाके में एक की हत्या, दूसरा गंभीर रूप से घायल
राजबल्लभ से कुणाल की थी पुरानी रंजिश
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी कुणाल कुमार और राजबल्लभ गोप के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। एक वर्ष पूर्व राजबल्लभ ने कुणाल के पिता बृज किशोर यादव की सार्वजनिक पिटाई कर दी थी, जिससे कुणाल के दिल में बदले की आग को और बढ़ा दिया था। राजबल्लभ द्वारा बार-बार कुणाल के जमीन के कामों में बाधा डालने और परिवार को अपमानित करने से कुणाल ने हत्या की योजना बना डाली।
read more: धोनी का एक्शन अवतार – माधवन संग ‘The Chase’ में नया सरप्राइज
टीपीसी के नाम पर रंगदारी मांगने वालों को दिया सुपारी
कुणाल ने अपने दोस्त लालमोहन प्रजापति और बबलू यादव की मदद से टीपीसी और विकेश तिवारी के नाम पर रंगदारी वसूलने वाले तीन शूटरों श्रीचंद प्रजापति, इमरोज अंसारी और विजय प्रजापति से संपर्क किया और राजबल्लभ की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी भी दे डाली। इसी के तहत सभी मिलकर राजबल्लभ की रेकी करने लगे। लेकिन घटना वाले दिन, 7 सितंबर को सभी आरोपी ठाकुरगांव में इकट्ठा हुए और शाम को राजबल्लभ की रेकी की गई। सूचना के आधार पर तीन शूटर बिरसा बॉक के पास पहुंचे। उन्हें बताया गया कि राजबल्लभ सफेद शर्ट में बुलेट बाइक से दारू पीने गया है। लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्होंने रवि कुमार को ही राजबल्लभ समझ लिया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में बीच-बचाव करने आए असली निशाना राजबल्लभ गोप को भी गोली लग गई, लेकिन उसकी जान बच गई। और वहीं रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपी कुणाल कुमार, लालमोहन प्रजापति, इमरोज अंसारी, बबलू यादव, श्रीचंद प्रजापति और विजय प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 3 देसी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, एक बाइक, एक कार, 6 एंड्रॉयड फोन और 3 कीपैड मोबाइल बरामद किए गए हैं।












