Ranchi: पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) ने 15 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी और संगठन के सुप्रीमो मार्टिन केरकेट्टा की मौत को फर्जी एनकाउंटर करार दिया है। इसके विरोध में संगठन ने 11 अगस्त 2025 को झारखंड बंद की घोषणा की है।
संगठन की केंद्रीय कमिटी के सदस्य अमृत होरो ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 6 अगस्त को गुमला पुलिस ने मार्टिन केरकेट्टा को कथित तौर पर मुठभेड़ में मार गिराया, लेकिन यह एक साजिशन किया गया फर्जी एनकाउंटर था।
पुलिस और सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अमृत होरो ने आरोप लगाया कि मार्टिन जी को आदिवासी होने के कारण पुलिस ने पकड़कर एनकाउंटर किया। उन्होंने कहा कि यह घटना गुमला पुलिस और राज्य सरकार की कायरता को दर्शाती है।
“हमारे नेता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। संगठन इसका बदला जल्द लेगा,” — अमृत होरो, केंद्रीय कमिटी सदस्य, पीएलएफआई।
मार्टिन केरकेट्टा झारखंड के सबसे वांछित उग्रवादियों में शामिल था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार वह कई नक्सली घटनाओं, फिरौती और हमलों में शामिल था।
11 अगस्त को झारखंड बंद की तैयारी
पीएलएफआई ने साफ किया है कि बंद के दौरान सरकार और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने बंद को सफल बनाने के लिए समर्थकों से सहयोग की अपील की है।












