धनबाद: धनबाद पुलिस ने बीती रात एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का शूटर धनबाद के एक व्यापारी को गोली मारने की योजना बना रहा है। इस सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था नौशाद आलम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सतर्कता बढ़ाई गई।
रात करीब 9 बजे दामोदरपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने रबीउल इस्लाम उर्फ मोटा जिला सरायकेला-खरसावां को हिरो एचएफ मोटरसाइकिल पर पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से .38 बोर का छह चक्रीय देशी पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वही उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था नौशाद आलम ने मंगलवार को धनबाद थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। वही बताया कि पूछताछ में रबीउल ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान और गोपी खान के लिए शूटर का काम करता है। उसने यह भी कबूल किया कि अक्टूबर 2024 में शहाबुद्दीन सिद्दीकी की हत्या में वह मोटरसाइकिल चला रहा था। इसके अलावा चक्रधरपुर और बड़बील (ओडिशा) की कई हत्या और रंगदारी की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस के मुताबिक, धनबाद में व्यापारी पर हमला करने के लिए उसे ऋतिक खान ने मोटरसाइकिल और पिस्तौल उपलब्ध कराया था।
धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान, गोपी खान, ऋतिक खान और गिरफ्तार आरोपी रबीउल इस्लाम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की सतर्कता से शहर में एक बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में चाईबासा पुलिस का सहयोग सराहनीय रहा।













