Dhanbad: वासेपुर के कुख्यात फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई ऋतिक खान के खिलाफ सोमवार को भूली ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके मकान में कुर्की-जब्ती की। यह कार्रवाई कमर मखदूमी रोड स्थित ऋतिक के घर पर न्यायालय के आदेश के तहत की गई।
ऋतिक खान पर वर्ष 2019 में दो अलग-अलग मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। उस पर अवैध हथियार रखने और गैंग की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने का गंभीर आरोप है। लगातार फरार रहने के कारण ऋतिक को भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
पुलिस ने क्या-क्या जब्त किया?
पुलिस टीम ने कुर्की की कार्रवाई के दौरान ऋतिक खान के मकान से फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान जब्त किए। कार्रवाई के समय मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी, लेकिन पुलिस ने पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की।
पहले चिपकाया गया था नोटिस
इससे पहले पुलिस ने ऋतिक के मकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया था और न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए निर्धारित समय भी दिया गया था। लेकिन आरोपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर कोर्ट के निर्देशानुसार यह सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस का सख्त संदेश
धनबाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि फरार और घोषित अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई वासेपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय गैंगस्टरों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है।












