Ranchi: दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी के भाषण को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं का ठीकरा निर्वाचन आयोग पर फोड़ रही है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी 2025-26 के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में चिह्नित करीब 13.39 करोड़ मतदाता प्रविष्टियों को आधार बनाकर 2024 के लोकसभा चुनाव पर सवाल उठा रहे हैं। इन प्रविष्टियों में मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरे पंजीकरण वाले मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने सवाल किया कि बाद में हुए मतदाता पुनरीक्षण के आंकड़े पिछले चुनाव में कथित वोट चोरी का प्रमाण कैसे हो सकते हैं। यदि कांग्रेस के पास गड़बड़ी के सबूत हैं तो उसे बूथवार साक्ष्य पेश करना चाहिए।
ज्ञानेश कुमार पर बयान को बताया बेतुका
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी वर्मा ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान राजीव कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त थे। ज्ञानेश कुमार ने 15 मार्च 2024 को चुनाव आयुक्त का पद संभाला था और 19 फरवरी 2025 को मुख्य चुनाव आयुक्त बने। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया को लेकर उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं।
आपातकाल का दिलाया याद
वर्मा ने राहुल गांधी के ज्ञानेश कुमार को जेल भेजने संबंधी बयान पर कहा कि किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने और सजा देने का अधिकार न्यायपालिका को है। उन्होंने कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने निरस्त किया था। इसके 13 दिन बाद देश में आपातकाल लागू कर दिया गया था।
भाजपा नेता ने 1 नवंबर को रैली आयोजित करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे सिख समुदाय की भावनाओं और व्यापारियों के प्रति असंवेदनशीलता बताया।
अंत में वर्मा ने राहुल गांधी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी करते समय संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








