Jharkhand: एकाग्रचित होकर लक्ष्य पर निशाना साधा जाए तो सफलता कदम चूम ही लेती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है मैथन निवासी DVC कर्मी रामकिशोर चौधरी की पुत्री प्राकृति प्रिया ने। प्राकृति ने NEET यानी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2025 में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1293, जबकि कैटिगरी रैंक 402 प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रौशन किया है। बेटी की सफलता पर मैथन निवासी DVC के सहायक नियंत्रक रामकिशोर चौधरी एवं उनकी शिक्षक पत्नी सत्या सिंह ने खुशी जताते हुए उसकी उज्जवल भविष्य की कामना की है। वहीं प्राकृति प्रिया ने कहा कि सफलता के पीछे उनके शिक्षकों आशीष आनंद एवं माता-पिता का योगदान है। उसने कहा कि वह हर दिन 14 से 15 घंटे पढ़ाई करती थी। उन्होंने यह भी बताया कि नीट की परीक्षा में सफलता पाने के लिए बेसिक कांसेप्ट को अपनाना पड़ेगा, तब जाकर सफलता पाई जा सकती है। शॉर्टकट के जरिए NEET की परीक्षा में सफलता पाना संभव नहीं है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी बेसिक कॉन्सेप्ट के साथ अध्ययन करने को कहा। प्राकृतिक प्रिया की प्राथमिक शिक्षा कार्मल स्कूल, फिर माध्यमिक शिक्षा डीनोबीली स्कूल मैथन एवं दसवीं की शिक्षा DAV Public School से हुई है। वह शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है। प्राकृति प्रिया ने 2024 में भी NEET की परीक्षा में सफलता पाई थी, तब उसे ऑल इंडिया रैंक 26755 जबकि कैटिगरी रैंक 10742 मिला था। उस वक्त उसे मन चाहा मेडिकल कॉलेज में नामांकन नहीं मिला, फिर भी वह हौसला नहीं हारी और पुनः तैयारी में जुट गई और 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन करने के साथ उसकी मनोकामना भी पूरी हुई। अब उसे मनचाहा मेडिकल कॉलेज में नामांकन मिल पाएगा। इसके लिए उन्होंने माता-पिता और ईश्वर को भी धन्यवाद दिया।












